बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले ही विवादों के घेरे में आ गई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट और दृश्यों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
IMA का आरोप है कि फिल्म में स्वास्थ्य क्षेत्र में भ्रष्टाचार को सामान्य बात के रूप में दिखाया गया है और डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा दिया गया है, जिससे मेडिकल बिरादरी की सुरक्षा और छवि पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए प्रस्तावित है।
IMA का रुख: 'हिंसा को सही ठहराना खतरनाक'
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भेजे अपने औपचारिक पत्र में एसोसिएशन ने कहा कि प्रमोशनल सामग्री आम जनता के बीच स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति अविश्वास और शत्रुता को बढ़ावा दे सकती है।
पत्र में स्पष्ट किया गया:
"डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल कर्मियों पर शारीरिक हमलों के दृश्य हिंसा को सामान्य रूप देने का काम करते हैं। यदि इस प्रकार के हमलों को वीरता या उचित कार्रवाई के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा, तो इससे स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति दुश्मनी और हिंसा बढ़ेगी।"
एसोसिएशन ने आगे यह भी साफ किया कि वह किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार, चिकित्सकीय लापरवाही या अनैतिक कार्यप्रणाली का समर्थन नहीं करता और ऐसे मामलों में कानूनन सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरी बिरादरी को खलनायक के रूप में पेश करना गलत है। IMA ने सरकार से फिल्म की निष्पक्ष समीक्षा करने, आपत्तिजनक दृश्यों में सुधार करवाने और जरूरत पड़ने पर उचित कानूनी कार्रवाई या रोक लगाने पर विचार करने की मांग की है।
CBFC ने दी सफाई: अभी तक सर्टिफिकेशन के लिए नहीं आई फिल्म
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) के अनुसार, IMA की इस शिकायत पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के पास फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ अब तक आधिकारिक प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) के लिए प्रस्तुत नहीं की गई है।
टीजर के तीखे संवादों से भड़का विवाद
विवाद की शुरुआत 19 अक्टूबर को फिल्म का टीजर जारी होने के बाद हुई। टीजर में सनी देओल एक ऐसे पिता की भूमिका में नजर आ रहे हैं जो अपनी बेटी को खोने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था में फैले कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाता है।
टीजर में सनी देओल का एक संवाद सामने आया है:“इंसान डॉक्टर को भगवान मानता है, उसके हाथों में अपनी जिंदगी सौंप देता है। अगर वो डॉक्टर विश्वासघात करेगा, तो वो बेचारा क्या करेगा?”
इसके अलावा एक अन्य दृश्य में वह कहते हैं:“मामूली-सी बीमारी लेकर उनके पास जाता है, तो वो 5 लाख का बिल बनाते हैं, 25 टेस्ट करवाते हैं। खुद ऑर्गनाइजेशन यही करती आ रही है। वहां डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन नहीं लिखते, कमीशन लिखते हैं। यह सब हम लोग बर्दाश्त करते हैं, लेकिन कब तक?”
फिल्म की स्टार कास्ट
फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा, टीनू आनंद, जीशु सेनगुप्ता, विर्ति वाघानी, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

No comments:
Post a Comment