मुंबई। निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित पीरियड रोमांटिक फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल अभिनीत इस फिल्म की पहली आधिकारिक झलक जल्द सामने आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स 15 अगस्त के अवसर पर फिल्म के मुख्य कलाकारों का फर्स्ट लुक जारी करने की तैयारी में हैं।
15 अगस्त को रिलीज हो सकते हैं कैरेक्टर पोस्टर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिल्म के तीनों मुख्य कलाकारों के कैरेक्टर पोस्टर जारी किए जा सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो यह फिल्म की पहली आधिकारिक झलक होगी। इससे पहले फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, लेकिन मेकर्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक लुक साझा नहीं किया गया है।
वीडियो टीज़र की भी चर्चा
खबरों के अनुसार, संजय लीला भंसाली केवल पोस्टर ही नहीं, बल्कि एक वीडियो प्रेजेंटेशन या मोशन पोस्टर जारी करने पर भी विचार कर रहे हैं। हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। माना जा रहा है कि अंतिम फैसला जल्द लिया जाएगा।
2027 में होगी रिलीज
'लव एंड वॉर' को रिपब्लिक डे 2027 के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है। बड़े बजट में बन रही इस फिल्म को भव्य सेट, दमदार कहानी और शानदार स्टारकास्ट के कारण बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जा रहा है।
फैंस की बढ़ी उत्सुकता
रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल को पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक उत्साहित हैं। अब सभी की नजरें 15 अगस्त पर टिकी हैं, जब फिल्म की पहली आधिकारिक झलक सामने आने की संभावना है।

No comments:
Post a Comment