मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन जल्द ही एक नए और रोमांचक अवतार में बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह यशराज फिल्म्स (YRF) की पहली हॉरर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन अभय पन्नू करेंगे, जो इससे पहले चर्चित वेब सीरीज़ रॉकेट बॉयज का निर्देशन कर चुके हैं।
यशराज फिल्म्स ने अब तक एक्शन, रोमांस, थ्रिलर और स्पाई यूनिवर्स जैसी कई सफल फिल्मों का निर्माण किया है, लेकिन हॉरर जॉनर में यह स्टूडियो की पहली प्रस्तुति होगी। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
वरुण का नया अवतार
वरुण धवन ने अपने करियर में कॉमेडी, रोमांस और ड्रामा के साथ-साथ बदलापुर, अक्टूबर, सुई धागा और भेड़िया जैसी अलग-अलग शैली की फिल्मों में अभिनय किया है। अब वह एक पूर्ण हॉरर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने जा रहे हैं, जिसे उनके करियर का नया प्रयोग माना जा रहा है।
इस साल शुरू होगी शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की कहानी को फिलहाल गोपनीय रखा गया है। हालांकि इसकी शूटिंग 2026 के अंत तक शुरू होने की संभावना है, जबकि फिल्म को 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बनाई गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट YRF की हॉरर शैली में पहली बड़ी पेशकश होगी और इसके विकास की जिम्मेदारी निर्माता अक्षय विधानी संभाल रहे हैं। फिल्म की पटकथा भी निर्देशक अभय पन्नू ने ही लिखी है।
हीरोइन के नाम पर अभी सस्पेंस
फिलहाल फिल्म की मुख्य अभिनेत्री के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। मेकर्स जल्द ही बाकी स्टारकास्ट की घोषणा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि सुई धागा के बाद यह यशराज फिल्म्स के साथ वरुण धवन की दूसरी फिल्म होगी। ऐसे में दर्शकों को अभिनेता के इस नए हॉरर अवतार का बेसब्री से इंतजार है।

No comments:
Post a Comment